अंबेडकरनगर। भियांव शिक्षा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में मंगलवार को बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक साथ जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 174 विद्यालयों के निरीक्षण में 15 शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक गैरहाजिर मिले। बीएसए ने गैर हाजिर मिले शिक्षकों व कर्मियों का एक-एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एक शिक्षक 15 जुलाई 2020 से लगातार अनुपस्थित पाया गया।
परिषदीय स्कूलों की शिक्षण व्यवस्था को बेहतर करने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चल रहा है। मंगलवार को बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में नौ खंड शिक्षा अधिकारियों व जिला समन्वयकों की टीम ने भियांव शिक्षा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान बीएसए ने न सिर्फ शिक्षकों की अनुपस्थिति को जांचा, बल्कि विद्यालय में मौजूद संसाधन व शिक्षा की गुणवत्ता को भी परखा।
बच्चों से सवाल करने के साथ ही स्वयं ही ब्लैक बोर्ड पर कई सवालों को समझाया। शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों को सहज व सरल तरीके से शिक्षा दी जाए, जिससे बच्चे आसानी से समझ सकें। प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में संसाधनों को बढ़ोत्तरी के साथ शिक्षा का बेहतर माहौल बनाए रखें।
बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, इसका पूरा प्रयास करना होगा। निरीक्षण के दौरान भियांव शिक्षा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में दो प्रधानाध्यापक, तीन अनुदेशक, छह शिक्षामित्र व चार सहायक अध्यापक गैरहाजिर मिले। इसके अलावा बीएसए ने जहांगीरगंज शिक्षा क्षेत्र के शंकरपुर वर्जी उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां पर एक अनुदेशक गैरहाजिर मिली। बीएसए ने सभी शिक्षकों का एक-एक दिन का वेतन/मानदेय काटने का निर्देश दिया।