बसखारी (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र के किछौछा दरगाह स्थित तालाब में गुरुवार को एक बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र बसखारी के उमरापुर मीनापुर निवासी पुद्दन (80) मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं थे। बुधवार शाम को वह घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उनका कुछ सुराग नहीं लग सका था। इस बीच गुरुवार को किछौछा दरगाह स्थित खजुहां तालाब में उनका शव दिखाई दिया।
कुछ ही देर में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उपनिरीक्षक शशिकांत पांडेय दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त होने पर पुलिस ने दिवंगत के पुत्र महेश को सूचित किया।
परिजन रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। बताया कि वह बुधवार शाम से लापता थे। थाना प्रभारी अश्विनी मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।