संवाद न्यूज एजेंसी
जमुनीपुर (अंबेडकरनगर)। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के अरिया बाजार के पास रेलवे ट्रैक पर शनिवार को सुबह सैदापुर निवासी बुजुर्ग का शव मिला। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार सुबह पुलिस टीम को सूचना मिली कि अरिया के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। पहचान सैदापुर गांव निवासी बालेश्वर (72) के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि बालेश्वर को कम सुनाई पड़ता था। उनका उपचार चल रहा था।
अरिया चौकी प्रभारी महेश चंद्र तिवारी ने बताया कि शव की शिनाख्त होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रतीत हो रहा है कि टांडा जाने वाली मालगाड़ी की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।