अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र अहिरौली के चितवइयां गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव निवासी युवक का शव कमरे में लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है।
गुरुवार सुबह चितवइयां गांव निवासी राजू (30) का शव घर के कमरे में लटकता मिला। परिजनों के अनुसार बुधवार रात वह घर आया ओर खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। गुरुवार सुबह जब घर के लोग उसके कमरे की तरफ गए तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। राजू का शव साड़ी के सहारे छत से लटक रहा था। जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
इस बीच जानकारी होते ही अहिरौली पुलिस भी पहुंच गई और परिजनों की मदद से शव को नीचे उतारा। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या करने का ही प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।