भीटी (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र इटवा गांव स्थित ईंट भट्ठे के निकट बुधवार सुबह संदिग्ध हालात में अधेड़ का शव मिला। परिजनों ने एक पुलिसकर्मी पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया। बाद में सीओ भीटी शुभम कुमार के आश्वासन पर मामला शांत हो सका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज छानबीन शुरू कर दी है।
बुधवार सुबह कुछ ग्रामीण ईंट भट्ठे की तरफ गए तो वहां सड़क के किनारे बाइक के नीचे एक अधेड़ का शव पड़ा देखा। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। अधेड़ की पहचान प्रह्लाद सिंह (48) निवासी चिउंटीपारा के रूप में हुई। परिजन भी रोते-पीटते मौके पर पहुंच गए। भीटी एसओ पंडित त्रिपाठी भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर आ गए।
परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया। एक सिपाही पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग करने लगे। कहा कि मंगलवार देर शाम प्रह्लाद उसी सिपाही के साथ था। जब काफी देर तक घर नहीं लौटा तो पुलिसकर्मी को फोन कर जानकारी चाही। उसने बताया कि प्रह्लाद का मोबाइल टूट गया है। सुबह घर जाएगा। परिजनों के अनुसार मोबाइल पूरी तरह से दुरुस्त मिला।
इस बीच हंगामे को देखते हुए अहिरौली व महरुआ पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। बाद में सीओ भीटी शुभम कुमार ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, एसओ भीटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मार्ग हादसे का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। मामले में छानबीन की जा रही है।
दिवंगत के पुत्र राज सिंह ने वीडियो युक्त बयान में कहा है कि भीटी थाने के एक सिपाही पर हत्या करने का शक है। इसी सिपाही के साथ उनके पिता मंगलवार देर शाम मौजूद थे। अक्सर उनके साथ रहते थे। शाम को जब पिता का मोबाइल बंद मिला तो सिपाही को फोन किया। सिपाही ने बताया कि तुम्हारे पिता नशे में हैं।
उन्होंने पटक दिया है। इससे फोन टूट गया है। हालांकि बाद में फोन सुरक्षित मिला। इससे आशंका है कि सिपाही ने ही किसी कारणवश घटना को अंजाम दिया है और इसे मार्ग दुर्घटना का रूप दिया जा रहा है।