टांडा (अंबेडकरनगर)। जलाशयों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मुहिम और आगे बढ़ी है। रविवार को डीएम अविनाश कुमार सिंह ने तहसील क्षेत्र टांडा के भिदूण स्थित दलमा व किछौछा नगर पंचायत के बगहा तालाब का निरीक्षण किया। बड़े क्षेत्र में फैले इन दोनों तालाबों का सौंदर्यीकरण कर पिकनिक स्पॉट के तौर पर विकसित करने का निर्देश दिया। कहा कि जलाशय हमारे प्रकृति प्रदत्त धरोहर हैं। इनकी बेहतरी तय कर हम रोजगार के कई अवसर प्रदान कर सकते हैं।
अधिकारियों ने डीएम को बताया कि दलमा तालाब का क्षेत्रफल 40 हेक्टेयर व बगहा तालाब का क्षेत्रफल करीब 32 हेक्टेयर है। लगभग चार किलोमीटर में यह दोनों तालाब फैले हुए हैं। दोनों तालाब एक दूसरे से सटे हुए हैं और यह अर्धचंद्राकार के रूप में हैं। डीएम ने दोनों तालाबों की पैमाइश कर बंधा बनाने का निर्देश दिया। साथ ही साथ तालाब के किनारों की सफाई के भी निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि यहां पर दो से पांच सारस हमेशा रहते हैं। ठंड के मौसम में यहां साइबेरियन पक्षी भी आते हैं। डीएम ने ऐसे में तालाब को पिकनिक स्पॉट के तौर पर विकसित करने का निर्देश दिया। तालाब से मत्स्य पालन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। कहा कि इससे ग्रामीणों की आर्थिक आय में वृद्धि होगी।
तालाब के किनारे पौधरोपण, स्ट्रीट लाइट, स्टीमर की व्यवस्था करवाए जाने का निर्देश दिया। तालाब के किनारे तीन महत्वपूर्ण घाट बाबा बैठक, बाबा जमाल पंडित तथा बीवी बिलाई को बेहतर करने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि यहां मेले के समय श्रद्धालु/जायरीन स्नान के लिए आते हैं। इस बीच डीएम के निर्देश के साथ ही वहां तालाबों की साफ-सफाई का भी कार्य शुरू हो गया।