अंबेडकरनगर। साइबर सेल टीम की सक्रियता से जलालपुर निवासी एक व्यक्ति के खाते से उड़ाए गए 53 हजार से अधिक की रकम को पुलिस टीम वापस कराने में सफल रही। एसपी ने साइबर सेल टीम की इस तत्परतापूर्ण कार्रवाई की सराहना की है।
एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि बीते दिनों जलालपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी मोहम्मद नाजिम ने शिकायत दर्ज करायी थी। बताया कि एक अंजान व्यक्ति ने उसके पास फोन किया, और उसके दोस्त का हवाला दिया। कहा कि वह एक एप का लिंक भेज रहा है और इसे डाउनलोड कर लो। उसने उसके बताए अनुसार एप को डाउनलोड कर लिया। कुछ देर बाद उसे बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के खाते से 53 हजार 202 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत का संज्ञान लेकर एसपी ने साइबर सेल निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी को तत्परता के साथ जांच करते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
साइबर सेल टीम के सिपाही जितेन्द्र गौड़, बृजेश यादव, शिवम चौधरी, एजाज खान व मनीष यादव आदि ने तत्परता के साथ काम किया गया। बैंक के नोडल अधिकारी से पत्राचार करते हुए फ्राड करके निकाले गए 53 हजार 202 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए। एसपी ने टीम के इस अच्छे कार्य की सराहना की।
एसपी ने आम नागरिकों से आह्वान किया कि किसी भी अपरिचित व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई एप न डाउनलोड करें, और न ही किसी तरह का ओटीपी, पासवर्ड व अन्य गोपनीय जानकारी साझा करें। यदि बैंक से जुड़ी जानकारी किसी को साझा करेंगे, तो ठगी का शिकार होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में जरूरत है कि आम जनता जागरूक हो, और किसी के बहकावे में आकर अपने बैंक से जुड़ी जानकारी को किसी से साझा न करें।