अकबरपुर नगर के जेके जेटली इंटर कालेज से सीटेट परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी - संवाद
अंबेडकरनगर। जिले के 54 केंद्रों पर रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था व सीसीटीवी कैमरे के बीच सीटेट परीक्षा हुई। परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट से लेकर परीक्षा कक्ष के अंदर तक कई चरणों में सघन जांच की गई। इस बीच परीक्षा प्रारंभ होने से पहले परीक्षा समाप्त होने के बाद अकबरपुर नगर में जगह-जगह लगे जाम से लोगों को परेशान होना पड़ा। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक हुई। प्रथम पाली में सुबह साढ़े सात बजे व दूसरी पाली में परीक्षा प्रारंभ होने के आधा घंटा पहले ही अभ्यर्थी संबंधित परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए।
परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर ही सघन जांच की गई। इसके बाद परीक्षा कक्ष में भी आंतरिक सचल दल ने गहनता से जांच की। सीसीटीवी कैमरे के बीच हुई परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र से एक किमी. सीमा में आने वाली फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहीं। मालूम हो कि 37 हजार 241 पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए कुल 54 केंद्र बनाए गए थे।
इस बीच परीक्षा संपन्न होने पर अकबरपुर नगर में जगह जगह जाम की समस्या खड़ी हो गई। बस स्टेशन क्षेत्र, पटेलनगर तिराहा, पुराने तहसील तिराहा क्षेत्र में जाम उत्पन्न हो गया। दरअसल अकबरपुर नगर स्थित बीएनकेबी पीजी कॉलेज, बीएन इंटर कॉलेज, डॉ. जीके जेतली इंटर कॉलेज, डिवाइन इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। ऐसे में इन केंद्र से बड़ी संख्या में निकले अभ्यर्थियों व उनके अभिभावकों के चलते जाम की समस्या संबंधित क्षेत्र में उत्पन्न हो गई। इससे जाम में फंसे लोगों को व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ा।