अहिरौली थाना अंतर्गत विशेसरपुर गांव में पिता की फटकार से दुखी होकर एक युवती ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। गंभीर अवस्था में परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर दो अन्य थाना क्षेत्रों में युवक व अधेड़ ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। अहिरौली थाना अंतर्गत विशेसरपुर गांव निवासिनी वंदना को सोमवार देर शाम पिता ने किसी बात पर डांट दिया।
इससे दुखी होकर वंदना ने खाना खाने के बाद विषाक्त पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसे उल्टी व पेट में दर्द होने लगा। परिजनों ने पहले इसे सामान्य घटना मानते हुए स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, लेकिन तबियत में सुधार नहीं हुआ।
लगातार तबियत खराब होने पर जब उसने विषाक्त पदार्थ खाने की बात बताई, तो घर वाले हैरान रह गए। आननफानन में उसे सीएचसी कटेहरी ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल पहुंचाए जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर अकबरपुर थाना अंतर्गत भारीडीहा गांव निवासी राजमन ने सोमवार देर शाम खाना खाने के बाद विषाक्त पदार्थ खा लिया।
तबियत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अहिरौली थाना अंतर्गत बाजार निवासी सोनू ने सोमवार रात विषाक्त पदार्थ खा लिया। उल्टी व पेट में दर्द होने पर परिजनों ने उसे सीएचसी कटेहरी में भर्ती कराया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।