भीटी (अंबेडकरनगर)। तीन दिन पूर्व झाड़फूंक के लिए निकली महिला (35) का अहिरौली के गन्नूपुर के बाहर एक अरहर के खेत में शव मिला। गुरुवार सुबह शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव क्षतविक्षत हो गया था। सूचना पर पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारीजनों ने महिला की हत्या कर शव खेत में फेंकने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतका का पति पश्चिम बंगाल में रहता है। वहां से आकर पुलिस को तहरीर देगा। एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने भी घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही परिवारीजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की और कार्रवाई आश्वासन दिया।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह अहिरौली के नरायनपुर ग्राम पंचायत के मजरा गुन्नूपुर के कुछ ग्रामीण शौच के लिए गांव से बाहर की तरफ गए। गांव के बाहर स्थित एक खेत से तेज दुर्गंध आ रही थी। इस पर ग्रामीण जब खेत के अंदर गए, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। एक महिला का शव क्षतविक्षत दशा में पड़ा हुआ था। महिला की पहचान नरायनपुर गुन्नपूर निवासिनी सीमा (35) पत्नी दुर्बल के रूप में हुई। इस बीच इर्दगिर्द के लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने हत्या की प्रबल संभावना जताते हुए कहा कि जिस तरह शव खेत के भीतर मिला है, उससे निश्चित तौर पर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है।
इसी बीच परिवारीजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान की जानकारी पर थानाध्यक्ष संजय सिंह तथा कुछ देर में ही सीओ भीटी वीके वीके श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिवारीजनों से जरूरी जानकारी हासिल की। एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही ग्रामीणों व परिवारीजनों से मुलाकात कर गहन पूछताछ की। एसओ ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है।
झाड़फूंक कराने निकली थी महिला
थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि सीमा गांव में दो बच्चों व ससुर के साथ रह रही थी। उसका पति पश्चिम बंगाल में ईंट भट्ठे पर कार्य करता है। गत रविवार की देर शाम वह झाड़फूंक कराने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह तीन दिन घर नहीं लौटी। परिवारीजनों के अनुसार उन्होंने न सिर्फ गांव, बल्कि रिश्तेदारी में भी उसकी काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच गुरुवार सुबह उसका शव घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित अरहर के खेत में पड़ा मिला। माना जा रहा है कि पति के आने के बाद तहरीर के आधार पर पुलिस मामले में केस दर्ज करेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दर्ज होगा केस
घटना की जानकारी पश्चिम बंगाल में ईंट भट्ठे पर नौकरी कर रहे पति को दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। - वीके श्रीवास्तव, सीओ भीटी