धोखाधड़ी व कूटरचित ढंग से भूमि का बैनामा कराने के प्रकरण में न्यायालय के आदेश पर नगर पंचायत इल्तिफातगंज के चेयरमैन सहित 16 लोगों के विरुद्घ धोखाधड़ी व साजिश करने का मुकदमा कोतवाली पुलिस ने पंजीकृत किया है। इसमें कई महिलाएं भी शामिल हैं।
शिकायत के मुताबिक नगर पंचायत इल्तिफातगंज क्षेत्र के मोहल्ला अंसारगंज में स्थित एक भूखंड अशोक व राधेश्याम की थी। राधेश्याम की मृत्यु हो चुकी है। राधेश्याम का एक पुत्र अर्जुन है। उसकी भूमि को फर्जी अर्जुन बनकर बीते 17 फरवरी को तीन लोगों के पक्ष में बैनामा कर दिया गया।
प्रशासन से शिकायत के बाद जब कोई सुनवाई नहीं हुई तब अर्जुन पुत्र राधेश्याम ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार की। इसमें सलारगढ़ निवासी नगर पंचायत अध्यक्ष आजाद अहमद के अलावा आनंद कुमार, कृष्ण कुमार, आकाश कुमार निवासी मोहल्ला अंसारगंज, तकदीरुल निंशा पत्नी दरबारी निवासी मोहल्ला सहजौरा, रहीला खातून पत्नी शकील अहमद, रशीदा पत्नी अय्यूब निवासी ग्राम लोरपुर ताजन, सुरेश सुमन निवासी मोहल्ला ईश्वरनगर, दरबारी निवासी मोहल्ला अंसारगंज, अंशू निवासी अंसारगंज, माला देवी पत्नी अशोक, रमेश निवासी मोहल्ला आजादनगर इल्तिफातगंज पर धोखाधड़ी व कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी बैनामा कराने का आरोप लगाया गया।
जनपद न्यायालय ने मामले में पुलिस को केस दर्ज कर विवेचना का निर्देश दिया। इससे पहले पत्रावली पर उपलब्ध तथ्यों के आधार पर न्यायालय ने पाया कि मामले में विवेचना की जरूरत है।
कोर्ट के निर्देश पर टांडा कोतवाली पुलिस ने अध्यक्ष समेत सभी 16 लोगों के विरुद्घ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस पंजीकृत किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राहुल कुमार को सौंपी गई है।