मेडिकल स्टोर संचालक पर जानलेवा हमला मामले में पुलिस ने हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्यमणि यादव को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच घायल का ट्रॉमा सेंटर में पीठ में लगी गोली निकाल ली गई। हालत अभी भी गंभीर बतायी जाती है। मामले में तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी केस दर्ज हुआ है।
गौरतलब है कि महरुआ थाना क्षेत्र के खजूरडीह निवासी अमरदीप वर्मा (53) शुक्रवार देर शाम पहितीपुर बाजार स्थित अपना मेडिकल स्टोर बंद कर बाइक से गांव जा रहे थे। रात नौ बजे के बाद वे जैसे ही भैरवपुर मोड़ के निकट पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से घायल अमरदीप बाइक से नीचे गिर गए जबकि काम तमाम समझ बदमाश बाइक से भाग निकले।
आननफानन में अमरदीप को जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर पूछताछ की। उन्हें जिला अस्पताल से रात में ही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया जहां पीठ से गोली निकाली गई। अमरदीप की हालत गंभीर बतायी जाती है।
इस बीच अमरदीप के चचेरे भाई रामबोध ने मामले में हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्यमणि यादव व तीन अज्ञात के विरुद्ध रंजिश को लेकर घटना को अंजाम देने का केस अकबरपुर कोतवाली में दर्ज कराया। अकबरपुर पुलिस ने सूर्यमणि को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि बीते दिनों ही एक मामले में सूर्यमणि जेल से छूटकर आए हैं। जेल में रहने के दौरान ही उन्हें संगठन से हटा दिया गया था। कोतवाल अकबरपुर महेंद्र सिंह ने बताया कि विवेचक सजीवनलाल द्वारा गिरफ्तारी तय की गई है।