थाना क्षेत्र अंतर्गत तरसावां गांव के पास गुरुवार दिनदहाड़े बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों ने ड्यूटी जा रही दो महिला सोशल आडिट कोआर्डिनेटरों से सोने आभूषण लूट लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग खड़े हुए। सरेराह से वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित महिलाओं ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
लूटे गए जेवरातों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। मालीपुर थाना अंतर्गत रुधौली माफी गांव निवासिनी किरन पांडेय पत्नी अवधेश गुरुवार पूर्वाह्न महरुआ थाना क्षेत्र के हीड़ी पकड़िया गांव निवासी शांत कुमार के साथ बाइक से भीटी विकास खंड कार्यालय आडिट के लिए जा रही थीं। किरन जलालपुर विकास खंड में सोशल आडिट कोआर्डिनेटर के पद पर तैनात हैं।
बताया जाता है कि जब वे दोनों भीटी थाना अंतर्गत तरसावां गांव के पास पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते एक बदमाश ने किरन पर असलहा तान दिया और सोने की चेन व सोने की बाली उतारने को कहा।
इसी बीच जलालपुर विकास खंड में ही सोशल आडिट कोआर्डिनेटर के पद पर तैनात जैतपुर थाना अंतर्गत बेरगां गांव निवासिनी शशिकला शर्मा पत्नी रामप्रकाश भी अपने पति के साथ बाइक द्वारा वहां पहुंच गई। उन्होंने बाइक रोककर किरन के वहां खड़े होने का कारण पूछा तो एक बदमाश ने शशिकला पर भी असलहा तान दिया और उनसे भी सोने की चेन व बाली उतारने को कहा।
जब उन्होंने इसका विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। इससे भयभीत शशिकला ने भी सोने की चेन व सोने की बाली उतारकर दे दिया। बदमाशों ने शांत कुमार का मोबाइल व दोनों की बाइक की चाभी छीन ली और इसके बाद पुलिस को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग खड़े हुए।
महिलाओं ने बताया कि लूटे गए जेवरातों की कीमत करीब एक लाख रुपये है। बाद में पीड़ित महिलाओं ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ चंद्रभान यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।