जहांगीरगंज क्षेत्र में गुरुवार देर शाम वृद्ध दंपती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई। हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका जताई जा रही है। संदेह के आधार पर पुलिस ने दंपती के छोटे पुत्र को हिरासत में ले लिया। अज्ञात के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर किया गया है।
यह घटना क्षेत्र के अक्थरा नरायनपुर गांव में हुई। गांव निवासी प्रभुदयाल (75) व उनकी पत्नी लाली देवी (70) का शव गुरुवार देर शाम उनके बड़े पुत्र राजदेव के घर के बाहर अलग अलग पड़े थे। इस जानकारी पर वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को दंपती के पुत्र राजदेव ने बताया कि वह ही प्रभुदयाल है। ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
इसके बाद पुलिस टीम वापस चली गई। थोड़ी देर में किसी ग्रामीण ने एसओ को सूचना दी। एसओ बेचूसिंह यादव ने गांव पहुंच छानबीन की गई तो दोनों शव बरामद हुए। उन्हें छिपाने का प्रयास किया गया था। प्रथम दृष्टया दंपती की हत्या गला दबाकर करना प्रतीत हो रहा था। एसओ ने दंपती के दोनों पुत्रों के जानकारी की लेकिन कोई भी नहीं मिला।
कुछ देर बाद छोटा पुत्र मिश्रीलाल गांव की दूसरी तरफ मिल गया। पूछताछ पर उसने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते उनके माता पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। वे दोनोें अलग घर में रहते थे। वह तथा बड़ा भाई अलग अलग घर में सपरिवार के साथ रहते हैं। बताया कि फांसी लगाने की जानकारी पर दोनों भाईयों ने शव को उतारा और यहां ले आए।
पुलिस को छानबीन में पता चला कि परिवार में संपत्ति बंटवारे का विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले ही प्रभुदयाल ने पेड़ बेचा था। उसका पैसा दोनों पुत्र मांग रहे थे लेकिन प्रभुदयाल ने नहीं दिया। इससे दोनों पुत्र नाराज थे। उधर घटना को लेकर गांव के चौकीदार सुशील ने तहरीर दी। संपत्ति के विवाद में दंपती की हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने मृतक के छोटे पुत्र को हिरासत में ले लिया है। एसओ बेचूसिंह यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।