गुजरात से कैफियत एक्सप्रेस ट्रेन से अकबरपुर आ रहा सीआरपीएफ का जवान रविवार को जहरखुरानी का शिकार हो गया। जवान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हंसवर के सेमउर खानपुर निवासी मंतराम (45) पुत्र रामकरन सीआरपीएफ में जवान है। उसकी तैनाती गुजरात में है। रविवार को मंतराम ट्रेन से लखनऊ पहुंचा। वहां से अकबरपुर के लिए वह कैफियत एक्सप्रेस पर सवार हो गया। रविवार सुबह वह अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर उतरा। घर जाने के लिए मंतराम टाटा मैजिक गाड़ी में सवार हुआ। उसमें तीन लोग पहले से बैठे थे। उन लोगों ने रास्ते में मंतराम को चाय पिलाई। चाय पीने के कुछ मिनट में ही वह बेहोश हो गया। जिसके बाद मैजिक में सवार लोग उसे अरियाबाजार के पास सड़क किनारे छोड़कर भाग गए। राहगीरों ने उसे सड़क किनारे बेहोश पड़े देखकर थाने में सूचना दी। पुलिस ने मंतराम की जेब चेक की तो उसमें मोबाइल फोन मिला। जिससे पुलिस ने उसके परिवारीजनों को सूचना देकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम तक मंतराम के होश में नहीं आने से ये नहीं पता चल सका है कि जहरखुरानों ने उसकी कितनी नगदी व अन्य सामान लूटा है।