थाना अन्तर्गत चतौरा गांव से बीते एक सप्ताह में दो दर्जन से अधिक मवेशियों के चोरी होने से नाराज ग्रामीणों ने पशु चोरी के संदेह में सोमवार देर रात एक वाहन को पकड़ा। ग्रामीणों ने चालक व क्लीनर की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर उन्हें वाहन समेत थाने ले आई।
जानकारी के मुताबिक, चतौरा गांव में बीते एक सप्ताह में गांव निवासिनी धनपत्ति देवी के घर के सामने से दो बकरी, पन्नालाल के घर से 10 व मुसई के यहां से 12 बकरियां चोरी हो गई थीं। इसकी शिकायत स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस से भी की, लेकिन आरोप के मुताबिक उनकी शिकायत पर पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। जलालपुर व बसखारी थाने की सीमा पर बसे इस गांव से पशु तस्कर आसानी से पशु चुराकर भागने में कामयाब हो जाते थे।
पशु चोरी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो इसकी कमान ग्रामीणों ने स्वयं संभाल रखी थी। बीते कुछ दिनों से रात में ड्यूटी देने लगे। दो दिन पहले गांव के निकट से होकर गुजर रहे भैंस लदे पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। सोमवार रात एक बार फिर से पिकअप वाहन उधर से गुजरा, तो पशु चोरी की आशंका में ग्रामीणों ने घेराबंदी कर चालक व उसके क्लीनर को पकड़ लिया।
इसके बाद ड्राइवर व क्लीनर की जमकर पिटाई की। इस बीच सूचना मिलने पर एसओ एनके पाण्डेय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों से छुड़ाया। एसओ पाण्डेय ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की छानबीन कर रही है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि इस पिकअप का प्रयोग पशु चोरी में किया जाता था या नहीं। यदि मामला सही हुआ तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।