ग्रामीणों ने स्वॉट टीम को बनाया बंधक, आरोपी भागा
जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। थाना अंतर्गत सेमरा मानापुर गांव में सोमवार को मोबाइल चोरी के आरोपी को पकड़ने पहुंची एक पड़ोसी जनपद की स्वॉट टीम के सदस्यों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। साथ ही आरोपी को उनके चंगुल से भगा दिया। सूचना पर स्थानीय पुलिस ने टीम के सदस्यों को छुड़ाया। इस घटनाक्रम से गांव में काफी देर तक हड़कंप की स्थिति रही।
सर्विलांस के जरिए एक पड़ोसी जनपद की स्वॉट टीम के चार सदस्य सादी वर्दी में सोमवार अपराह्न जहांगीरगंज थाना अंतर्गत सेमरा मानापुर गांव पहुंचे। यहां मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को पकड़कर ले जाने लगे। इस बीच परिवारीजनों की गुहार पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और टीम को घेर लिया। पकड़े गए युवक को टीम के चंगुल से छुड़ा लिया। मौका देखकर आरोपी युवक मौके से भाग निकला। ग्रामीणों ने टीम के सदस्यों को बदमाश समझ बंधक बना लिया। दरअसल टीम के सदस्य सादी वर्दी में थे। इस बीच दूरभाष पर जानकारी होते ही थाना प्रभारी बीडी तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया। साथ ही टीम के सदस्यों को साथ लेकर चली गई। एसओ ने बताया कि सादी वर्दी में होने के चलते ग्रामीणों को कुछ गलतफहमी हो गई थी। कहा कि टीम आरोपी को पकड़ने गई थी, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। उन्होंने टीम को बंधक बनाए जाने से भी इंकार किया।