जलालपुर (अंबेडकरनगर)। मालीपुर चौराहे पर रविवार रात राम-भरत मिलाप और जुलूस संपन्न होने के बाद कुछ शरारती तत्वों ने छह दुकानों में जमकर तोड़फोड़ की और दो दुकानों को आग के हवाले कर दिया। उपद्रवियों ने पंचायत भवन की बाउंड्रीवाल भी क्षतिग्रस्त कर दी। यही नहीं एक धार्मिक स्थल से पीतल के घंटे भी चुरा ले गए। कई दुकानों के सामानों को भी तहस-नहस कर दिया। अराजकता के इस माहौल की जानकारी लोगों को देर रात हुई। बाजारवासियों ने एकजुट होकर गुमटी व छप्पर में लगी आग को बुझाया। मालीपुर ग्राम प्रधान ने घटना को लेकर थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। मालीपुर बाजार में रविवार रात राम-भरत मिलाप कार्यक्रम था। इसके लिए जुलूस भी निकला था। जुलूस संपन्न होने के कुछ देर बाद कुछ शरारती तत्वों ने बाजार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बाजार स्थित एक पेंट की दुकान व ब्यूटी पार्लर की दुकान का बोर्ड आदि क्षतिग्रस्त कर दिया। बाजार के हरिनरायण विश्वकर्मा की दुकान के बाहर बरामदे में रखे तख्ते को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बाजार के रामनरायन मोदनवाल की दुकान का काउंटर तोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बाजार स्थित एक धार्मिक स्थल से पीतल के कई घंटे भी चोरी कर लिए गए। पंचायत भवन की बाउंड्रीवाल भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। गुलाम रसूल की गुमटी व एक अन्य छप्पर को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद बाजार में हल्ला गुहार मच गया। बाजारवासी जब तक एकजुट होते तब तक अराजक तत्व मौके से फरार हो गए। घटना से बाजारवासियों में आक्रोश का माहौल है। सोमवार को मालीपुर ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र यादव ने थाने में घटना की लिखित तहरीर दी, और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले में छानबीन कर केस दर्ज किया जाएगा।