अंबेडकरनगर। टांडा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रविवार अपरान्ह ट्रिपल राइडिंग में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर करना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर एक अन्य मार्ग दुर्घटना में तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार युवक को रौंद दिया। उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार बसखारी थाना अंतर्गत पूरा बजगोती गांव निवासी मोहम्मद सैफ (27) पुत्र सईद, मोहम्मद आजम (28) पुत्र अख्तर व फिरोज खां (27) पुत्र रऊफ रविवार अपराह्न एक ही बाइक से टांडा जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वे सभी टांडा कोतवाली अंतर्गत चिंतौरा पलिया पार कर आगे बढ़े, तो इसी बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक दो भागों में टूट गई। जब तक इर्दगिर्द मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचते, तब तक चालक ट्रक छोड़कर भाग खड़ा हुआ। घटना में मोहम्मद आजम व मोहम्मद सैफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फिरोज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल फिरोज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक इलाज के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ट्रक को थाने ले आई। चालक भागने में सफल रहा। घटना की सूचना गांव पहुंची, तो संबंधित परिवारीजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण व गणमान्य लोग मृतकों के घर पहुंच गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सै. मेराजुद्दीन किछौछवी ने पहले गांव पहुंचकर परिवारीजनों को ढांढस बंधाया, फिर जिला अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल लिया।
उधर बसखारी प्रतिनिधि के अनुसार सम्मनपुर थाना अंतर्गत बरौरा गांव निवासी संजय (28) पुत्र भागरीथी अपने भाई विकास के साथ एक दिन पहले बसखारी थाना अन्तर्गत मसड़ा बाजार स्थित एक रिश्तेदारी में आया हुआ था। रविवार सुबह दोनों भाई साइकिल से घर जा रहे थे। साइकिल विकास चला रहा था, जबकि संजय पीछे बैठा हुआ था। बताया जाता है कि जब दोनों रुद्रपुरभगाही पुलिस चौकी के निकट पहुंचे, तो इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया। इससे संजय की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि विकास को गंभीर चोटें आईं। जब तक लोग मौके पर पहुंचते, तब तक चालक कार लेकर भाग खड़ा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही गंभीर रूप से घायल विकास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है।