अंबेडकरनगर। बीते 24 घंटे में एक महिला समेत तीन लोगों की विषाक्त पदार्थ खाने से तबीयत खराब हो गई। सभी का इलाज चल रहा है। अकबरपुर थाना अन्तर्गत लोरपुर निवासिनी सीमा (25) पत्नी मो. अली की तबियत बुधवार देर रात्रि अचानक खराब हो गई। उसे पेट में तेज दर्द के साथ ही उल्टी होने लगी। घरवालों को जानकारी हुई कि उसकी तबीयत विषाक्त पदार्थ खाने से खराब हुई है, तो उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, जहांगीरगंज के सीताराम (49) की गुरुवार भोर में उल्टी व पेट में दर्द होने लगा। स्थानीयस्तर पर इलाज के बाद भी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। इस बीच पता चला कि उसकी ऐसी हालत विषाक्त पदार्थ खाने के चलते हुई है, तो उसे जिला अस्पताल और फिर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। इसी प्रकार, इब्राहिमपुर के मुस्तफाबाद तिलहरा गांव निवासी दयाराम (19) की तबीयत बुधवार देर शाम विषाक्त पदार्थ खाने से खराब हो गई। पेट में दर्द व उल्टी के बीच उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।