अंबेडकरनगर। सहायता के नाम पर एटीएम बदलकर रुपये उड़ाने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पुलिस ने गुरुवार को पर्दाफाश कर चार जालसाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से करीब 16 हजार रुपये भी बरामद किया है। बाद में चारों आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
पुलिस लाइंस में आयोजित प्रेस से वार्ता के दौरान कहा कि बृहस्पतिवार को अकबरपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शहजादपुर के शिवालय के निकट स्थित पुलिया के निकट चार युवक मौजूद हैं और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान आजमगढ़ जनपद के पवई के धुधुरी गांव निवासी वशिष्ट सिंह, जौनपुर जनपद के शाहगंज के डिठौली गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार, सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर के मीरपुर प्रतापपुर के रामेश्वर व जौनपुर जनपद के थाना खुटहन के मरदहा गांव निवासी राजकुमार के रूप में हुई। तलाशी पर वशिष्ट के पास से 5 हजार, धर्मेंद्र के पास से 4 हजार, राजेश्वर कुमार से 3 हजार व राजकुमार के पास से 3550 रुपये बरामद हुए हैं। एसपी ने बताया कि कड़ी पूछताछ के बाद आरोपियों अपना जुर्म कुबूलते हुए कहा कि वे सभी आरकेस्ट्रा चलाते हैं। इससे होने वाली कमाई से घर का खर्च नहीं चल पा रहा था। फिर हम लोगों ने धोखाधड़ी कर एटीएम से रुपये उड़ाने की योजना बनाई। आरोपियों ने बताया कि वह एटीएम में लोगों की मदद के बहाने कार्ड बदल देते थे और धोखाधड़ी कर रुपये निकाल लेते थे।