अंबेडकरनगर। विधायक रितेश पांडेय ने गुरुवार को जिले के दौरे पर आए डीआईजी ओंकार सिंह से मुलाकात की। इसमें जलालपुर पुलिस द्वारा 23 जनवरी को कथित तौर पर मुल्जिम पकड़ने के दौरान मतलूबपुर नगपुर में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने तथा मोबाइल आदि उठा ले जाने की शिकायत की। कहा कि इस कार्रवाई के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की साथ रखने की जरूरत नहीं महसूस की गई। जलालपुर पुलिस के इस रवैये पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की। डीआईजी को बताया कि 26 फरवरी को जलालपुर थाने के एक कांस्टेबल द्वारा सराय चौक निवासी जैनुद्दीन को सिर्फ इसलिए पीट दिया गया, क्योंकि उसने सिपाही के आवास पर जाकर ताला बनाने में असमर्थता जताई थी। इसमें दुकानदार का सिर तक फट गया। विधायक ने डीआईजी से कहा कि जलालपुर पुलिस का यह रवैया अत्यंत अनुचित व आपत्तिजनक है। प्रकरण में कठोरतम कार्रवाई तय की जाए। डीआईजी ने भरोसा दिलाया कि दोनों प्रकरण में आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।