बसखारी (अंबेडकरनगर)। लगभग 10 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता की मौत मामले में डीएम के विशेष निर्देश पर महिला का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौरतलब है कि बसखारी थाना अन्तर्गत कपूरी महमदपुर पहाड़पुर गांव निवासिनी अजंनी (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के समय उसका पति सुभाष राजभर अहमदाबाद में था। वहां वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसकी अनुपस्थिति में घरवालों ने शव को टांडा के महादेवा घाट पर दफना दिया था। इस बीच गत दिवस सुभाष अहमदाबाद से घर पहुंचा। उसने डीएम को शिकायतीपत्र सौंपकर कहा कि उसकी पत्नी की मौत संदिग्ध हालात में हुई है। ऐसे में शव का पोस्टमार्टम कराया जाए। डीएम अखिलेश सिंह ने मामले को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम टांडा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम के निर्देश पर रविवार को नायब तहसीलदार जनार्दन व बसखारी थाना प्रभारी प्रदीप सिंह की संयुक्त टीम ने महादेवा घाट पहुंचकर कब्र से शव को निकलवाया और बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।