अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रहा मतगणना कर्मचारियों का विशेष प्रशिक्षण मंगलवार को संपन्न हो गया। कुल 480 कर्मचारियों को प्रशिक्षण में शामिल होना था। तीन कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इस पर संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मालूम हो कि 13 मई को होने वाली मतगणना को बेहतर ढंग से निपटाने के लिए कुल 1050 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन सभी कर्मचारियों को एक दिन पहले सोमवार से राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर में विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी।
मंगलवार को अंतिम दिन कुल 480 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाना था। तीन अनुपस्थित रहे। प्रशिक्षण प्रभारी आरबी यादव ने बताया कि मतगणना कर्मियों को मतगणना से संबंधित बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि पहली बार ऐसा हो रहा है जब अध्यक्ष व सभासद पद की मतगणना एकसाथ होगी।