अंबेडकरनगर। एक ओर कोरोना के मामले मे जिला में बढ़ते जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोग इसे लेकर बेफिक्र हैं। न तो कोई मास्क लगा रहा है न ही उचित दूरी ही बनाई जा रही है। बाजारों व अन्य सार्वजनिक स्थल तो दूर अस्पतालों व सरकारी कार्यालयों में ही नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच जिले में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। बीते लगभग एक सप्ताह स लगभग प्रतिदिन कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए शासन के निर्देश पर जिले में भी कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने को लेकर जिला प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सरकारी कार्यालयों में बाकायदा जगह-जगह नोटिस चस्पा किया गया है कि बगैर मास्क के कार्यालय में प्रवेश प्रतिबंधित है। दिशा-निर्देश तो इस संबंध में जारी कर दिए गए हैं लेकिन इनका सख्ती से पालन कराने को लेकर जरा भी गंभीरता जिम्मेदारों द्वारा नहीं दिखाई जा रही है।
मरीज व तीमारदार नहीं लगा रहे मास्क
जिला अस्पताल में मंगलवार को इलाज के लिए पहुंचे मरीजों ने न ही उनके तीमारदारों मास्क लगाया था। मरीज तो दूर अस्पताल के ज्यादातर कर्मचारियों ने ही मास्क नहीं लगा रखा था। ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोरोना को लेकर जिला अस्पताल प्रशासन कितना गंभीर है। इस संबंध में सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि मास्क की अनिवार्यता सुनिश्चित कराई जा रही है। मरीजों व तीमारदारों को भी इसे लेकर जागरूक होना चाहिए।
बगैर मास्क ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी
नामांकनस्थल अकबरपुर तहसील, पुुराने तहसील तिराहा, अकबरपुर बस स्टेशन समेत कई अन्य स्थानों पर सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मी भी कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे। मंगलवार को भी जगह-जगह पुलिसकर्मी तो तैनात थे लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी ने मास्क नहीं लगा रखा था। इसके अलावा बाजारों में भी मास्क व दूरी को लेकर लोग पूरी तरह बेफिक्र हैं।
कराया जाएगा सख्ती से पालन
कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने को लेकर सख्ती बरती जाएगी। सभी कार्यालयों के विभागाध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा गया है कि वे कोरोना गाइडलाइन का पालन कराएं।
- डॉ. श्रीकांत शर्मा, सीएमओ