सैदापुर मूल्यांकन केंद्र पर रविवार को शिक्षकों से वार्ता करते पुलिसकर्मी। -संवाद
अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन में दूसरे दिन भी गतिरोध जारी रहा। डीआईओएस ने सीओ सदर के साथ अलग-अलग केंद्रों पर जाकर कॉपियों के बंडल खुलवाए लेकिन शिक्षक संगठन की आपत्ति के चलते शिक्षकों ने मूल्यांकन करने से किनारा कर लिया। अधिकारियों ने शिक्षकों से वार्ता भी की लेकिन कोई बात नहीं बन सकी।
डीआईओएस अवध किशोर सिंह ने सीओ सदर सुरेश कुमार मिश्र के साथ केंद्रों पर पहुंचकर मूल्यांकन शुरू कराने का प्रयास किया। कोठार से कॉपियों के बंडल को निकालकर शिक्षकों को उपलब्ध कराया। इसके बाद भी शिक्षकों ने मूल्यांकन नहीं किया। हालांकि डीआईओएस ने रविवार शाम बताया कि एक केंद्र को छोड़कर अन्य पांच मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियां जांचने का दौर शुरू हो गया है।
उधर माध्यमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली, तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण, वित्तविहीन विद्यालयों की मान्यता प्रक्रिया में संशोधन, वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय की घोषणा, माध्यमिक शिक्षकों को चिकित्सा सुविधा देने सहित अन्य मांगों को लेकर मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार जारी है। जब तक शिक्षकों की मांगें पूरी नहीं होगी, मूल्यांकन का बहिष्कार जारी रहेगा।