अंबेडकरनगर। योजनाओं का लोगों को लाभ दिलाने के लिए शुक्रवार से जिले की 91 साधन सहकारी समितियों पर सदस्यता अभियान की शुरुआत हुई। 30 सितंबर तक चलने वाले अभियान के दौरान समितियों से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ा जाएगा।
शहजादपुर स्थित विक्रय केंद्र में अभियान का शुभारंभ करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा ने कहा कि समितियों से जुड़ने पर किसानों को कई प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी। तीन लाख रुपये तक का ऋण मिल सकेगा और वे सभापति या सदस्य का चुनाव भी लड़ सकेंगे। ऐसे में किसानों को चाहिए कि वे सदस्य बनने के साथ दूसरों को भी प्रेेरित करें।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने कहा कि सभी सदस्यों को वोट देने का अधिकार मिलेगा। फसली ऋण का लाभ भी मिलेगा। पशुपालकों व मत्स्य पालकों को तीन प्रतिशत ब्याज पर केसीसी उपलब्ध होगा। उन्नत बीज, उर्वरक, कृषि मशीनरी यंत्र, कीटनाशक समेत कई प्रकार की सुविधाएं भी असानी से मिल सकेंगी।
इस दौरान पूर्व विधायक अनीता कमल, विक्रय केंद्र अध्यक्ष योगेंद्रनाथ मिश्र, जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक अजय कुमार, वशिष्ठ कुमार शुक्ल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज मिश्र, रामसेन सिंह, अरविंद सिंह, अनिल कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। उधर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विवेक सिंह ने बताया कि कोई भी किसान 221 रुपये देकर समिति का सदस्य बन सकता है।