अंबेडकरनगर। बिजली कटौती से नाराज सिपाही ने मंगलवार रात जाफरगंज उपकेंद्र पहुंच कर कर्मचारियों पर फायरिंग कर दी। हालांकि इस घटना में कर्मचारी बाल-बाल बच गए। मालीपुर पुलिस ने देर रात ही लखनऊ में तैनात सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रशासन के अनुसार सिपाही नशे में था।
उपकेंद्र जाफरगंज से हुई बिजली कटौती के बाद रात साढ़े 10 बजे करीब बेलउवा बरियारपुर निवासी शरद सिंह घर से निकला और उपकेंद्र पहुंच गया। वह लखनऊ में बतौर सिपाही तैनात है। परिजनों के अनुसार वह इन दिनों घर आया था। उपकेंद्र पर पहुंचकर उसने पिस्टल निकाली और बैठ गया। इसके बाद उसे लोड किया। थोड़ी देर बाद उसने फायरिंग कर दी। संयोग से फायरिंग में बिजलीकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस के अनुसार घटना के समय वह नशे में था।
थोड़ी ही देर बाद पहुंची मालीपुर पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। रात में ही बिजलीकर्मी जितेंद्र मिश्र की तहरीर पर हत्या के प्रयास आदि की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया। सीओ अकबरपुर देवेंद्र मौर्य ने सिपाही को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है। बताया कि उसकी तैनाती लखनऊ में है। वह करीब चार माह से बिना सूचना के गैरहाजिर चल रहा था। सिपाही को बाद में जेल भेज दिया गया।