अंबेडकरनगर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार सुबह किछौछा से शिवबाबा धाम तक प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रांतीय भारत जोड़ो यात्रा निकाली। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार देश को बर्बाद कर रही है। आम लोगों को लड़ाने और सिर्फ संपत्तियों को बेचने का काम चल रहा है। कमजोर वर्गों की स्थिति सुधारने व किसानों की तरफ ध्यान नहीं है।
गाजे-बाजे व उत्साह के साथ निकली यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। किछौछा से निकली यात्रा अकबरपुर पहुंची तो पटेलनगर तिराहे पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण हुआ। यहां से प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी व पूर्वांचल प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पैदल ही शिवबाबा के लिए निकले।
प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के मिशन से आम नागरिकों को अवगत कराया। कहा कि देश में अराजकता का माहौल है। महंगाई से जनता तो बेरोजगारी से युवा परेशान हैं। सरकार को आम नागरिकों की चिंता नहीं है। जेल, रेल, हवाईअड्डा व बीएसएनएल आदि सरकारी संस्थानों को बेचने के साथ देश को भी टुकड़े-टुकड़े में बेचा जा रहा है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी सदन से सड़क तक युवाओं व किसानों से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा देश को बचाने के लिए शुरू हुई है। कांग्रेस ने देश बेचने का नहीं बल्कि बनाने का काम किया था। भाजपा देश को बेचती जा रही है। आम नागरिकों को इसके लिए आगे आने की जरूरत है।
पूर्वांचल प्रदेश अध्यक्ष ने भी केंद्र व प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। इससे पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।
यात्रा में प्रदेश सचिव अनीस खां, अमित जायसवाल, सैय्यद मेराजुद्दीन किछौछवी, डॉ. विजय शंकर तिवारी, अवधेश मिश्र, सुनील मिश्र, रवीश शुक्ल, रेहान जैदी, विकल्प मिश्र, दीपक शर्मा व विशाल वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।