कटेहरी (अंबेडकरनगर)। दुल्लापुर से ढेलमऊ गांव के बीच अधूरे पड़े सड़क निर्माण को पूरा कराने के लिए सोमवार को ग्रामीणों ने एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय को ज्ञापन सौंपा। बताया कि सड़क का निर्माण पूरा न होने से करीब 15 हजार की आबादी को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद रितेश पांडेय द्वारा इसी मार्ग से जुड़े निनामपुर रेलवे क्रॉसिंग का मुद्दा संसद में भी उठा चुके हैं। अब तक न तो क्रॉसिंग पर समपार मार्ग बनाया गया और न ही सड़क पूरी कराई जा रही है।
स्थानीय रिंकू कुमार, सीताराम, रविंद्र, भगवती प्रसाद, राकेश कुमार, रसियावन व विक्रम यादव आदि ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन एमएलसी को सौंपकर सड़क निर्माण को पूरा कराए जाने की मांग की। कहा कि दुल्लापुर से ढेलमऊ के बीच मार्ग निर्माण अधूरा होने के चलते निनानपुर, प्रतापपुर, ढेलमऊ, पिलखावां, दुल्लापुर, जरुखा, कसियापुर आदि गांवों के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक निधि से कुछ दिन पहले 500 मीटर मार्ग का निर्माण तो करा दिया गया लेकिन शेष बचे करीब एक किलोमीटर मार्ग को अधूरा छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों ने एमएलसी से जल्द निर्माण कार्य को कराए जाने की मांग की।