अंबेडकरनगर। स्वास्थ्य, शिक्षा व रोजगार को लेकर सबसे ज्यादा जागरूक होने की जरूरत है। यह आह्वान सांसद रितेश पांडेय ने शनिवार को किया। वे अपनी पदयात्रा के दौरान रामपुर कला व मेडिकल कॉलेज आदि क्षेत्र में जगह-जगह लोगों को संबोधित कर रहे थे।
सांसद ने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और मजबूती से महसूस करें। कहा कि जाति व धर्म के पचड़े में पड़ने के बजाय विकास पर ध्यान दें।
उन्होंने कई जगह युवतियों व महिलाओं से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि उन्हें जागरूक होकर योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। घर की दहलीज तक ही सीमित न रहने की अपील करते हुए कहा कि परिवार की प्रगति में उन्हें भी पूरा योगदान देते रहना है।
सांसद ने ग्रामीणों से कहा कि वे उन्हीं के चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं। ऐसे में किसी भी सकारात्मक सुझाव के लिए उन्हें बिना संकोच आगे आना चाहिए। क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि हमें अपने आसपास के जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आते रहना चाहिए।