जलालपुर (अंबेडकरनगर )। लगभग चार दशक बाद जलालपुर में सीओ कार्यालय निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। नगर पालिका परिषद के जमौली में लगभग सवा तीन बिस्वा भूमि का चिह्नांकन कर लिया गया है।
लगभग चार दशक पहले सीओ सर्किल जलालपुर स्थापित हुआ था। शुरुआती दौर में इसका संचालन महिला अस्पताल से किया गया। लगभग डेढ़ दशक तक अस्पताल परिसर के एक कक्ष में बैठकर सीओ अपने कार्य को निपटाते रहे। अस्पताल भवन के जर्जर होने के बाद सीओ कार्यालय को एक किराये के भवन से संचालित किया जाने लगा। इस बीच वर्ष 1989 में जलालपुर तहसील का गठन हुआ। तहसील भवन का निर्माण पूरा हुआ तो वर्ष 1996 में सीओ कार्यालय तहसील भवन में स्थानांतरित हो गया। तब से अब तक तहसील भवन के दो कक्ष में चल रहा है जबकि सीओ को किराए के मकान में रहना पड़ रहा है।
मालूम हो कि जलालपुर सीओ सर्किल में चार थाने हैं। इसमें जलालपुर, जैतपुर, कटका व मालीपुर शामिल हैं। तहसील परिसर स्थित जिन दो कक्ष में सीओ कार्यालय संचालित है उसमें एक कक्ष में सीओ बैठते हैं जबकि दूसरे कक्ष में अन्य कर्मचारी बैठते हैं। ऐसे में स्थानाभाव के चलते कई बार जब अधिक संख्या में फरियादी पहुंचते हैं तो असहज सी स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
भूमि का हुआ चिह्नांकन
नगर पालिका परिषद क्षेत्र के जमौली में सवा तीन बिस्वा भूमि का चिह्नांकन सीओ कार्यालय व आवास के लिए किया गया है। निर्माण के लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेज दिया गया है। - देवंद कुमार मौर्य सीओ जलालपुर