अंबेडकरनगर। जनपद न्यायालय में तैनात एक महिला ने सहकर्मी पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। इसकी विवेचना सीओ सिटी नीतीश कुमार को सौंपी गई है।
महिला के मुताबिक जुलाई 2023 को उसकी मुलाकात अयोध्या जिले के तारुन निवासी अंकित के साथ हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। 25 जुलाई 2024 को आरोपी युवक ने उसको शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। शादी करने की बात पर टाल मटोल करने लगा। जब महिला उसके घर पहुंची तो अंकित व उसकी पत्नी ने मिलकर पिटाई की और अश्लील वीडियो वायरल करने धमकी भी दी थी। आरोप है कि आरोपी लिपिक ने महिला का गर्भपात भी कराया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी लिपिक के विरुद्ध दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की विवेचना सीओ सिटी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।