अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को नगरीय रोजगार एवं उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इससे पहले सभागार में मौजूद लोगों ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा करोड़ों रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण का लाइव प्रसारण देखा। इसमें जिले की 87.49 लाख की परियोजना शामिल थीं।
कलेक्ट्रेट में मौजूद एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने कहा कि सरकार लगातार प्रदेश के विकास के लिए अग्रसर है। पात्रों को केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से मिल रहा है। इससे जनमानस के चेहरे पर मुस्कान है। जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हुई हैं। इसके चलते ही आम जनमानस का विश्वास लगातार सरकार के प्रति बढ़ रहा है।
बाद में डीएम अविनाश कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 160 लाभार्थियों को आवास की चाभी, 27 पात्रों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का स्वीकृति पत्र तथा 21 सफाईकर्मियों को सफाई किट सौंपी। इस मौके पर सीडीओ अनुराज जैन, एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त, भाजपा जिलाध्यक्ष मिथिलेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।