सद्दरपुर (अंबेडकरनगर)। महरुआ के मथानी निवासी राहुल कुमार जायसवाल (31) ने सोमवार की सुबह फांसी के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर लिया। मौत से पहले मृतक ने अपने परिजनों के नाम से एक सुसाइड नोट लिखा था। इसमें लिखा था कि भैया मैं पैसा नहीं कमा पा रहा हूं, मुझे माफ कर देना। बहन को प्यार देना और माता-पिता का खयाल रखना। परिजनों के मुताबिक राहुल की महरुआ बाजार में कपड़े की होलसेल की दुकान थी। सोमवार को वह दुकान पर नहीं गया। इस पर उसको खोजते कुछ लोग उसके घर पहुंचे। आवाज देने के बाद जब अंदर गए तो कमरे में राहुल का शव पंखे में रस्सी के सहारे लटका देख चीख पड़े। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाया गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़ी बहन का विवाह हो चुका है। सबसे बड़ा भाई अशोक जायसवाल कोलकाता व मझला भाई विक्की जायसवाल छत्तीसगढ़ में नौकरी करते हैं। प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र सोनकर ने बताया कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। कमरे से उसका सुसाइड नोट भी पुलिस को बरामद हुआ है।