अंबेडकरनगर। निकायों में सात अध्यक्ष व 139 सभासद पद के लिए आज शनिवार को चार मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतों की गणना होगी। सुबह आठ बजे से शुरू होने वाली मतगणना के लिए कुल 184 टेबल लगाई गईं हैं। 92 टेबल पर अध्यक्ष जबकि 92 टेबल पर सभासद पद के लिए मतगणना होगी। दोनों टेबल को सटाकर रखा जाएगा। मतगणना के लिए कुल 920 कर्मचारियों को लगाया गया है।
तीन नगर पालिका अकबरपुर, जलालपुर व टांडा तथा चार नगर पंचायत इल्तिफातगंज, अशरफपुर किछौछा, जहांगीरगंज व राजेसुल्तानपुर के अध्यक्ष व सभासद पद के लिए पांच मतगणनास्थल पर सुबह आठ बजे से मतों की गणना प्रारंभ होगी। नगर पालिका अकबरपुर की मतगणना लोहिया भवन में, जलालपुर नगर पालिका की मतगणना नरेंद्रदेव इंटर कॉलेज जलालपुर में होगी। इसी प्रकार टांडा नगर पालिका परिषद नगर पंचायत इल्तिफातगंज व अशरफपुर किछौछा की मतगणना एचटी इंटर कॉलेज टांडा जबकि जहांगीरगंज व राजेसुल्तानपुर की गणना एसडी मदर इंटरनेशनल स्कूल अन्नापुर में होगी।
एडीएम डॉ. सदानंद गुप्ता ने बताया कि कुल 184 टेबल पर अध्यक्ष व सभासद पद के लिए मतों की गणना की जाएगी। इसमें 92 टेबल पर अध्यक्ष व 92 पर ही सभासद की मतगणना होगी। दोनों मतगणना एक साथ चलेगी। ऐसे में दोनों टेबल को सटाकर रखा जाएगा। मतगणना में कुल 920 कर्मचारियों को लगाया गया है।
बताया कि नगर पालिका परिषद अकबरपुर में अध्यक्ष व सभासद के लिए 26-26 टेबल लगाई गईं है। इसी प्रकार जलालपुर में 26-26 टेबल व टांडा में 18-18 टेबल लगाई गईं हैं। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में छह-छह, इल्तिफातगंज में चार-चार, जहांगीरगंज में छह-छह व राजेसुल्तानपुर में भी छह-छह टेबल लगाई गईं हैं। इसके अलावा प्रत्येक मतगणना स्थल पर एक-एक टेबल आरओ के लिए लगाई गई है।
छह राउंड में होगी जहांगीरगंज में गिनती
सहायक जिला निर्वाचन कार्यालय पंचस्थानीय डॉ. महेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि नगर पालिका परिषद अकबरपुर की मतगणना चार राउंड में, टांडा की पांच राउंड में जबकि जलालपुर में सबसे कम दो राउंड में मतगणना की जाएगी। इसी प्रकार नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में पांच राउंड में, इल्तिफातगंज में पांच राउंड में, राजेसुल्तानपुर में पांच राउंड में व जहांगीरगंज में छह राउंड में मतों की गणना होगी।
रहेगा रूट डायवर्जन
मतगणना को शांतिपूर्ण व बेहतर ढंग से निपटाने के लिए शनिवार को रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। अकबरपुर नगर में लोहिया भवन में मतगणना होगी। इसे देखते हुए पुरानी तहसील की तरफ से टांडा जाने वाले वाहनों को पटेलनगर तिराहा से बसखारी रोड की तरफ जबकि टांडा से आने वाले वाहनों को बाईपास होते ही बसखारी रोड की तरफ मोड़ दिया जाएगा। यातायात प्रभारी जयबहादुर ने बताया कि यह व्यवस्था सुबह छह बजे से लागू कर दी जाएगी। नगर पालिका जलालपुर की मतगणना नरेंद्रदेव इंटर कॉलेज में होनी है। ऐसे में बसखारी व रामगढ़ की तरफ से आने वाले वाहनों को जमौली चौराहे से मालीपुर रोड की तरफ मोड़ा जाएगा।
विजय जुलूस पर रहेगा प्रतिबंध
मतगणना के बाद जीत हासिल करने वालों को किसी भी प्रकार के विजय जुलूस निकालने की अनुमति कतई नहीं होगी। ऐसा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम पवन कुमार जायसवाल ने बताया कि किसी भी निकाय क्षेत्र में जीत हासिल करने वालों को न तो जुलूस निकालने की अनुमति होगी और न ही आतिशबाजी करने की। सार्वजनिक स्थानों पर मिठाई के वितरण पर भी प्रतिबंध रहेगा। यदि किसी ने दिशा-निर्देश का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।