अंबेडकरनगर। ट्रेनों का रूट बदले जाने से यात्री लगातार परेशान हैं। रविवार को रूट डायर्वजन के चलते 12 ट्रेनें अकबरपुर स्टेशन नहीं पहुंचीं। इसके साथ तीन ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
वाराणसी में यार्ड के निर्माण व अन्य कार्यों के चलते ट्रेनों का रूट डॉयवर्जन किया जा रहा है। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को दून अप व डाउन, साबरमती अप व डाउन, पटना कोटा अप व डाउन, फरक्का अप व डाउन, इंटरसिटी अप व डाउन और जम्मूतवी अप व डाउन ट्रेनों को बदले रूट से संचालित किया गया।
इन ट्रेनों के अकबरपुर स्टेशन नहीं पहुंचने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। कई लोगों ने यात्री रद्द कर दी। रविवार को यात्रियों ने 48 आरक्षित टिकट निरस्त कराए। इसके अलावा मऊ-आनंद विहार डाउन दो घंटे विलंब से पहुंचीं। इसके साथ ही किसान डाउन डेढ़ घंटे और किसान अप एक्सप्रेस दो घंटे विलंब से अकबरपुर पहुंची।