अंबेडकरनगर। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को अकबरपुर नगर में यातायात पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग गड़बड़ियों में 110 वाहनों का चालान किया गया। दो वाहनों से काली फिल्म उतारी गई। साथ ही लोगों में जागरूकता संबंधित पंफलेट का भी वितरण किया गया। यातायात प्रभारी जयबहादुर यादव ने बताया कि जांच अभियान शिवबाबा धाम, गौहन्ना चौराहा, नई सड़क, कटरिया याकूबपुर, नेवतरिया, संघतिया समेत कई अन्य क्षेत्रों में चलाया गया। इस दौरान पंफलेट का वितरण कर लोगों से अपील की गई कि 18 वर्ष से कम आयु वाले को कतई वाहन की चाबी न दें। यदि ऐसा कोई वाहन चलाता मिला तो संबंधित के अभिभावक पर जुर्माना लगाया जाएगा। ई रिक्शा चालकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।