अंबेडकरनगर। जिले के 1582 परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे 2625 दिव्यांग बच्चों के लिए पीएम श्री योजना के अंतर्गत कैंप लगाकर प्रमाणपत्र बनाए जाएंगे। इससे बच्चों को शासन द्वारा चलाई जा रही योजना का लाभ आसानी से मिल सकेगा। इसके लिए एक से 17 दिसंबर तक अलग-अलग खंड शिक्षा कार्यालयों में कैंप लगाकर चिकित्सकों की मौजूदगी में प्रमाणपत्र बनाए जाएंगे।
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों को समय पर लाभ मिल सके इसके लिए शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य टीम खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर बच्चों का परीक्षण करेगी। साथ ही दिव्यांग प्रमाणपत्र भी बनाए जाएंगे। जिला समन्वयक समेकित शिक्षा किरन सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में कुल 2625 दिव्यांग बच्चों ने प्रवेश ले रखा है। इसमें से लगभग 900 बच्चों के पूर्व में लगे कैंप में प्रमाणपत्र बनाए गए थे।
बचे हुए 1725 बच्चों का प्रमाणपत्र बनाने के लिए शिविर के आयोजन की तैयारी कर ली गई है। इसके लिए डॉ.एके गुप्ता, डॉ.एपी सिंह, डॉ.आरएस वर्मा, डॉ.अब्दुल हलीम, डॉ.मुख्तार शेख, डॉ.संजय खरवार, डॉ.पुरेंद्र कुमार व डॉ.आरपी जायसवाल जिम्मेदारी संभालेंगे। एक दिसंबर को बीआरसी अकबरपुर, चार दिसंबर को जलालपुर, आठ दिसंबर को भियांव, नौ दिसंबर को जहांगीरगंज, दस दिसंबर को भीटी, 15 दिसंबर को बसखारी व 17 दिसंबर को टांडा में शिविर का आयोजन होगा।
इसके बाद सीएमओ कार्यालय से प्रमाणपत्र बनाया जाएगा। उसके बाद डाक के माध्यम से उसे बच्चों के घर पर भेज दिया जाएगा। कार्यालय के अनुसार दिव्यांगता में 21 प्रकार की श्रेणी होती है। 40 प्रतिशत की दिव्यांगता के बच्चों को शासन की ओर से कई प्रमुख योजनाओं से जोड़ा जाता है। इससे दिव्यांग बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल आदि में भी आगे बढ़ने में मदद मिलती है। बीएसए बीपी सिंह ने बताया कि एक दिसंबर से शिविर लगाकर प्रमाणपत्र बनाया जाएगा।