जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। लापता छात्रा का शव मिलने के बाद जहांगीरगंज पुलिस ने अब मामले में हत्या सहित अन्य धाराओं में छह नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। आधा दर्जन लोगों को पुलिस टीम हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है।
समडीह गांव निवासी इंटरमीडिएट की छात्रा बीते 29 दिसंबर की रात अचानक लापता हो गई थी। इस मामले में पिता ने थाने में नामजद तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। बाद में आरोपी को एक अन्य मामले में जेल भेज दिया गया। इस बीच 28 जनवरी को छात्रा का शव गांव से 500 मीटर दूर आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र में पड़ने वाले एक तालाब में मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतका का हाथ व पैर रस्सी तथा बेल्ट से बंधे थे। शरीर में एक पत्थर का बड़ा टुकड़ा बांधकर तालाब में फेंका गया था। चर्चा है कि शायद दुष्कर्म के बाद शव को छुपाने के लिए ऐसा किया गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अब आरोपी समडीह गांव निवासी दुर्गेश, राहुल उर्फ पंकज, संदीप पाल, गौरव कुमार, राहुल मौर्य एवं अर्चना सिंह सहित छह नामजद एवं चार अज्ञात के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष संत कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोप के आधार पर केस दर्ज कर मामले में जांच जारी है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ायी जाएगी। सोमवार को आजमगढ़ से छात्रा का शव पोस्टमाॅर्टम के बाद देरशाम घर पहुंचा। इस दौरान कोई विवाद न उत्पन्न हो इसके लिए एएसपी विशाल पांडेय ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।