भीटी (अंबेडकरनगर)। सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी में पुलिस ने एसपी के निर्देश पर चाचा-भतीजे समेत तीन पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। अहिरौली थाना क्षेत्र के डुहिया दरवन निवासी संदीप निषाद ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि बेला बाग निवासी जस प्रकाश राजभर ने बीते दिनों सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर चार लाख 90 हजार रुपये ले लिया। कई माह बीत जाने के बाद भी उसकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। एक दिन वह उसके घर पहुंच गया और आरोपी से पैसे की मांग की। आरोप के अनुसार जस प्रकाश के अलावा उसका चाचा कालीदीन गाली गलौज देने के साथ जान से मारने की धमकी देने लगे। थाना प्रभारी रितेश पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। संवाद