अंबेडकरनगर। भूमि लिखवाने के नाम पर 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने व शिकायत पर ध्धमकी देने का मामला सामने आया है। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
सम्मनपुर थाना क्षेत्र की खानूपुर ताजूपुर निवासी नीलम ने बताया कि उसके नाम कटरिया याकूबपुर में भूमि है। उसने यह भूमि अकबरपुर के कयामुद्दीनपुर निवासी रक्षाराम राजभर को 30 लाख रुपये में बेची थी। इसमें से 14 लाख रुपये रक्षाराम ने बैंक खाते में दिया जबकि 16 लाख रुपये उन्होंने नकद दिया। उसी समय वहां खिद्दिरपुर निवासी रवींद्र उर्फ हाकिम यादव, राजेपुर निवासी वीरेंद्र कुमार, मतलूमपुर निवासी रामकिशोर व रोशनगढ़ निवासी कृष्णकुमार उर्फ डब्लू ने 16 लाख रुपये नकद ले लिए।
आरोप में कहा गया कि इन सभी ने कहा कि तुम्हारी जमीन 14 लाख रुपये में ही बिकी है। इसके बाद उन लोगों ने 16 लाख रुपये हड़प लिए और फरार हो गए। महिला ने बताया कि यह लोग भूमि लिखवाने की प्रक्रिया में शामिल थे। (संवाद)