अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के डॉ. गणेश कृष्ण जेतली इंटर कॉलेज की प्रबंधक रमेश प्रभा जेतली सहित 13 लोगों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी व कूटरचना की धाराओं में केस दर्ज किया है।
शहजादपुर निवासी अवधेश कुमार मेहरोत्रा ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि शहजादपुर में उनकी करीब पौने चार बिस्वा भूमि है। उस पर पूर्व विधायक प्रियदर्शी जेतली के जीवित रहने के दौरान कई बार अवैध कब्जे का प्रयास किया गया। वे इसमें सफल नहीं हुए। अब इंटर कॉलेज की प्रबंधक रमेश प्रभा जेतली, पीयूष जेतली, पुष्मित जेतली, मोहम्मद अफरोज, नाहीद अंजुम, शबाना, नजीबुल्लाह निवासी शहजादपुर, अतीक अहमद, अबू शैमा व नसीरुद्दीन निवासी गदायां, चंद्रकेश यादव निवासी तरसावां भिदवा रघुवंशी, जयप्रकाश निवासी चंगुल चेहरा व फैजुल हक निवासी हौली मोहल्ला शहजादपुर ने मिलकर नगर पालिका व उपनिबंधक कार्यालय को गुमराह कर उसकी भूमि के फर्जी कागजात तैयार करा लिए। इसके बाद इसका बैनामा कर दिया।
तहरीर में कहा गया कि आरोपियों पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाए। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। उधर विद्यालय प्रबंधक रमेश प्रभा जेतली ने कहा कि उन सभी के पास पूरे कागजात मौजूद हैं। पुलिस की जांच में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। (संवाद)