अंबेडकरनगर। हंसवर गांव में बुधवार की रात डॉ. भीमराव आंबेडकर ध्वज का अपमान करने पर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। रितेश के मुताबिक बुधवार की रात 11 बजे छप्पर पर लगा बाबा साहब की प्रतिमा वाला झंडा मकरही में किराये के मकान में रहने वाले किशोरों ने उतार लिया। इसके बाद झंडे को अपने पैरों के नीचे रखकर अपमान किया। विरोध पर ग्रामीणों को गालियां देने लगे। इसकी खबर लगते ही आजाद समाज पार्टी के राजेंद्र गौतम समेत अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर विरोध करने लगे। बाद में किशोर सहित उनके परिजनों ने इस घटना के लिए ग्रामीणों से माफी मांगी। इसका वीडियाे किसी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्जकर जांच की जा रहा है।