जलालपुर (अंबेडकरनगर)। तहसील क्षेत्र जलालपुर के जैनापुर गांव में भूमि पैमाइश करने गए लेखपाल के साथ हाथापाई व छीनाझपटी का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मामला शांत कराया। बाद में लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने 6 नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ मारपीट व सरकारी कार्य में व्यवधान डालने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
लेखपाल पुजारी मंगलवार को एक व्यक्ति की शिकायत पर जैनापुर गांव में भूमि की पैमाइश करने गए थे। आरोप है कि गांव निवासी अजय कुमार गलत पैमाइश होने की बात करते हुए हंगामा करने लगे। मामला हाथापाई व छीना झपटी तक पहुंच गया। दोनों पक्ष आपस में गाली गलौज करने के साथ ही लेखपाल के साथ ही अभद्रता की। सूचना पर जलालपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में लेखपाल की तहरीर पर अजय सहित छह नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच-पड़ताल की जा रही है।