अंबेडकरनगर। बिटिया के सम्मान में शुक्रवार को जिला मुख्यालय व उसके गांव में कैंडल मार्च निकाला गया। ब्राह्मण महासमिति के बैनर तले अकबरपुर में कैंडल मार्च व शोकसभा का आयोजन पुराने तहसील तिराहे पर हुआ। इसमें मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराए जाने, आरोपियों पर 15 दिन के भीतर गैंगस्टर एक्ट लगाकर चल-अचल संपत्ति कुर्क करने, पीड़ित परिवार को नौकरी व 20 लाख की आर्थिक सहायता देने तथा दोषी पुलिस कर्मियों पर आपराधिक मुकदमा कायम कर बर्खास्त किए जाने की मांग की गई।
पुराने तहसील तिराहे से फव्वारा तिरहे तक निकले कैंडल मार्च में हरिओम तिवारी, अरविंद तिवारी, अनिल मिश्र, रेहान जैदी, विकास मिश्र, सोनू मिश्र, पवन चतुर्वेदी, निरंकार तिवारी, सत्येंद्र मिश्र व नरेंद्र यादव आदि शामिल रहे। उधर बिटिया के गांव से भी ग्रामीणों ने जस्टिस फॉर बिटिया के नाम से कैंडल जुलूस निकाला।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्व सदस्य कृष्णकुमार मिश्र की अगुवाई में निकले इस मार्च में कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दोषियों एवं पुलिसकर्मियों पर कठोरतम कार्रवाई की मांग की।