अंबेडकरनगर। राजकीय पशु चिकित्सालय अकबरपुर से मंगलवार को अपर निदेशक अयोध्या मंडल अरविंद सिंह ने राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद जिले के छह लाख से अधिक पशुओं के टीकाकरण के लिए टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान आठ फरवरी तक जिले में अभियान चलेगा।
अपर निदेशक ने बताया कि इस टीकाकरण से पशुओं में होने वाली खुरपका व मुंहपका बीमारी से निजात मिलेगी। इस टीके के लिए पशुपालक से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले के करीब छह लाख पशुओं को टीका लगाने का लक्ष्य है।
अब तक पांच लाख 15 हजार वैक्सीन मिल चुकी है। मंगलवार को अकबरपुर राजकीय पशु चिकित्सालय से वैक्सीनेशन टीम को रवाना किया गया। कुल 18 पशु चिकित्सालय की टीम अपने अपने क्षेत्रों में अभियान चलाएगी। उन्होंने पशुपालकों से आह्वान किया कि अपने पशुओं को टैग जरूर कराएं। जिससे पशुओं की सही संख्या की जानकारी हो सके और सरकार के अभियानों का लाभ मिल मिले।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि खुरपका व मुंहपका बीमारी एक जीवाणु जनित बीमारी है। इस बीमारी से संक्रमित पशुओं के खुर व मुंह में एक साथ छाले पड़ जाते हैं। छुआछूत से यह बीमारी एक दूसरे पशुओं में फैलती है। ऐसे में जिस भी पशु को यह बीमारी हो जाए तो उसे अन्य पशुओं से अलग बांधे। साथ ही पशुओं को जिस पात्र में चारा दें उसे खा लेने के बाद अच्छी तरह से साफ करें। साफ सफाई के साथ ही उपचार को प्राथमिकता दें।