जमुनीपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के दोहरीपुर गांव के निकट स्कूली बस ने साइकिल से विद्यालय जा रही कक्षा छह की छात्रा को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकलने में सफल रहा।
कोतवाली क्षेत्र के अशरफपुर पचाउख निवासी रामतीरथ की 12 वर्षीय पुत्री अंशिका अरिया स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा छह की छात्रा थी। प्रतिदिन की तरह वह साइकिल से स्कूल जा रही थी। बताया जाता है कि दोहरीपुर के निकट सुबह आठ बजे करीब एक स्कूल की बस ने उसे रौंद दिया। जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचते तब तक चालक वाहन लेकर भाग निकलने में सफल रहा। उधर घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो वे सब रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। लोगों ने घटना से पुलिस को अवगत कराया। कुछ देर बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटना के बारे में जरूरी जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। (संवाद)