अंबेडकरनगर। निकाय चुनाव में बसपा व सपा दोनों दलों में बगावत की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मंगलवार को अकबरपुर से अध्यक्ष पद के लिए बसपा बागी के तौर पर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा तो नगर पंचायत जहांगीरगंज में अध्यक्ष पद के लिए सपा की बागी सीमा सोनकर ने पर्चा भर दिया। अकबरपुर से सपा से टिकट मांग रहीं नाजरीन बेगम ने अब निर्दल चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। माना जा रहा है कि अगले दो तीन दिनों में कुछ और बागी प्रत्याशी सामने आ सकते हैं।
नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों के चुनाव में तस्वीर धीरे-धीरे उभरने लगी है। सपा ने सभी सात सीटों तो बसपा ने तीन सीटों पर अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इसके बाद से ही दोनों दलों में बगावत की स्थिति है। अकबरपुर नगर परिषद अध्यक्ष चुनाव में बसपा का टिकट न मिलने के बाद अब पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने निर्दल चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने बीते दिनों ही पर्चा खरीदा था।
अब मंगलवार को निर्दल प्रत्याशी के तौर पर चंद्रप्रकाश ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उधर सपा में भी बगावत की स्थिति है। जहांगीरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए टिकट मांग रहीं सीमा सोनकर ने बतौर निर्दल प्रत्याशी मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। सपा को अकबरपुर में भी बगावत का सामना करना पड़ेगा। यहां से अध्यक्ष का टिकट मांग रहीं नाजरीन बेगम ने टिकट न मिलने से अब निर्दल चुनाव लड़ने की घोषणा की है। बीता चुनाव भी उन्होंने निर्दल लड़ा था। कई बड़े प्रत्याशियों को पछाड़कर वे दूसरे स्थान पर रही थीं। उधर मंगलवार को सभासद पद के लिए अलग-अलग निकाय में कुल 30 सभासद प्रत्याशियों ने भी नामांकन किया।
राजेसुल्तानपुर में वापस लिया सिंबल
टिकट घोषणा के बाद से सपा में बगावत इस कदर बढ़ गई कि मंगलवार को पार्टी ने राजेसुल्तानपुर से घोषित प्रत्याशी विनोद प्रजापति का टिकट वापस ले लिया। पार्टी ने एक दिन पहले उन्हें टिकट दिया था। जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव ने विनोद को पार्टी के सिंबल से जुड़ा अधिकार पत्र भी सौंप दिया था। इसके बाद पार्टी के कई नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलकर कहा कि उपयुक्त प्रत्याशी का चयन नहीं हुआ है। अखिलेश के निर्देश पर इसके बाद विनोद को दिया टिकट वापस ले लिया गया।
टांडा में भी घमासान
सपा में टांडा के टिकट को लेकर भी घमासान की स्थिति है। यहां कई दावेदार मैदान में थे। सपा ने नए चेहरे इंजीनियर एजाज अहमद अंसारी को टिकट दे दिया है। इसके बाद से यहां पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं में हलचल मची हुई है। कई वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अपनी आपत्ति भी प्रांतीय व राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचा दी है।
379 नामांकन पत्रों की हुई बिक्री
सात निकायों के चेयरमैन व 139 वार्डों के सभासद पद के लिए प्रत्याशियों ने खुद या फिर उनके प्रतिनिधियों ने संबंधित नामांकन स्थल पर पहुंचकर नामांकन पत्र खरीदे। कंट्रोल रूम प्रभारी राजवंश श्रीवास्तव ने बताया कि नगर पालिका अकबरपुर में अध्यक्ष पद के लिए 14 व सदस्य पद के लिए 103, टांडा में अध्या पद के लिए 29 व सभासद पद के लिए 44 तथा जलालपुर में अध्यक्ष पद के लिए दो व सभासद पद के लिए 45 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में अध्यक्ष पद के लिए 10 व सभासद पद के लिए 43, इल्तिफातगंज में अध्यक्ष पद के लिए पांच व सभासद पद के लिए 29, राजेसुल्तानपुर में अध्यक्ष पद के लिए 11 व सभासद पद के लिए 10 तथा नगर पंचायत जहांगीरगंज में अध्यक्ष पद के लिए तीन व सदस्य पद के लिए 31 प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों ने नामांकन पत्र लिए। इस प्रकार अध्यक्ष पद के लिए कुल 74 व सभासद पद के लिए 305 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
नामांकन पर रही तीसरी निगाह
नामांकन प्रक्रिया को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए मंगलवार को भी सभी नामांकन स्थल पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। मुख्य गेट से लेकर नामांकन कक्ष तक जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात थे। नामांकन स्थल से 200 मीटर की सीमा में किसी भी वाहनों को प्रवेश नहीं करने दिया गया। सिर्फ प्रत्याशी व उनके दो प्रस्तावकों को ही अंदर प्रवेश करने दिया गया। पूरी नामांकन प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की निगाह में निपटी। इस बीच नामांकन स्थलों पर संबंधित तहसील क्षेत्र के एसडीएम ने पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही जिम्मेदारों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।