जलालपुर (अंबेडकरनगर)। सभासद प्रत्याशी के पुत्र ने कमरे में फंदे से लटक कर जीवनलीला समाप्त कर ली। सांस चलने की उम्मीद में उसे एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में बगैर पुलिस को सूचित किए ही परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मामला जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर मोहल्ले का है। स्थानीय निवासी राधेश्याम निकाय चुनाव में जलालपुर नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर नौ से बसपा के समर्थन से सभासद पद के प्रत्याशी हैं। राधेश्याम रविवार को पत्नी समेत ससुराल में आयोजित वैवाहिक समारोह में गए थे। घर पर सिर्फ उनका पुत्र सचिन (20) व उनकी पुत्री मौजूद थी। सोमवार सुबह छोटी बहन जब सचिन के कमरे की तरफ गई थी वहां का दृश्य देख वह चिल्लाने लगी। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
वहां देखा तो सचिन का शव फंदे के सहारे कमरे में लटक रहा था। जीवित होने की उम्मीद में लोग उसे एक निजी चिकित्सालय ले गए। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद राधेश्याम परिजनों समेत घर पहुंचे। बाद में बगैर पुलिस को सूचना दिए ही परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सचिन ने ऐसा कदम क्यों उठाया इससे परिजन भी अनभिज्ञ हैं। सचिन बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। उधर कोतवाल संत कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। (संवाद)